*डीएम और एसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण*

 

सुरक्षा व्यवस्था से लेकर बंदियों के खानपान तक का लिया जायजा, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

*पंकज कुमार अग्रहरि *
फतेहपुर। जिले में कानून-व्यवस्था एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शनिवार को जिला कारागार का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक जेल पहुंचने से कारागार प्रशासन में हलचल रही। निरीक्षण के दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा विभिन्न प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गहनता से पड़ताल की गई।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने कारागार की विभिन्न बैरकों का जायजा लेते हुए वहां रह रहे बंदियों की स्थिति, साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके साथ ही बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और खानपान संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने कारागार में रखे विभिन्न अभिलेखों का भी अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं के संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारी ली।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा निगरानी तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बंदियों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही कारागार परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

डीएम एवं एसपी ने अभिलेखों तथा व्यवस्थाओं में जहां भी सुधार की आवश्यकता हो, वहां तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कारागार प्रशासन को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करने को कहा।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक सहित कारागार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link