
प्रांजल श्रीवास्तव
संत कबीर नगर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धा, सम्मान और हर्षोल्लास के वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुज मलिक ने की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रातः 8 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा राष्ट्रगान के बाद उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों एवं छात्र-छात्राओं को देश की एकता, अखंडता और अहिंसा की शपथ दिलाई।
इसके पश्चात जिलाधिकारी अनुज मलिक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चन्द्रेश कुमार सिंह सहित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
शिक्षा को बताया सफलता की मजबूत बुनियाद
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अनुज मलिक ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के सिद्धांतों एवं आदर्शों को व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने गांधी जी की सत्यनिष्ठा, अहिंसा, देशभक्ति और नेतृत्व शैली तथा शास्त्री जी के आत्मबल, साहस, सादगी और दृढ़ इच्छाशक्ति का उल्लेख करते हुए उपस्थित लोगों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि व्यक्ति का जन्म किस परिवार में हुआ, इस पर उसका नियंत्रण नहीं होता, लेकिन संघर्ष और मेहनत के बल पर जीवन में कहां तक पहुंचना है, इसका मजबूत आधार शिक्षा है। उन्होंने विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों में भी मनोबल ऊंचा रखते हुए निरंतर संघर्ष और परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए, जिससे ज्ञान के साथ-साथ उत्तम चरित्र का भी निर्माण हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और आत्मबल के साथ देश और समाज को नई दिशा देने वाले व्यक्तित्व थे। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
ईमानदारी और संवेदनशीलता से जनसेवा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि : सत्य प्रकाश
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश ने गांधी जी एवं शास्त्री जी की जयंती पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पूरी सत्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना ही इन महान विभूतियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चन्द्रेश कुमार सिंह ने कहा कि 2 अक्टूबर भारत के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन है। महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा और स्वराज का संदेश देता है, वहीं लाल बहादुर शास्त्री सादगी, ईमानदारी और दृढ़ इच्छाशक्ति के प्रतीक रहे। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना लोक सेवकों का दायित्व है।
देशभक्ति गीतों से गूंजा कलेक्ट्रेट परिसर
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने राष्ट्रगान सहित देशभक्ति गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। वरिष्ठ समाजसेवी एवं पत्रकार शिव कुमार गुप्ता सहित अन्य वक्ताओं ने गांधी जी और शास्त्री जी के कर्म, सिद्धांत, सादगीपूर्ण जीवन एवं विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि गांधी जी की अहिंसात्मक दृढ़ता और शास्त्री जी की सादगी एवं कर्तव्यनिष्ठा आज भी समाज और प्रशासन के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ वृक्षारोपण
कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी अनुज मलिक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चन्द्रेश कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण किया। अधिकारियों ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी एवं पत्रकार शिवकुमार गुप्ता, अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी चन्द्रशेखर यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश कुमार, प्रशासनिक अधिकारी कलेक्ट्रेट बद्री प्रसाद श्रीवास्तव, ओएसडी राकेश कुमार, ईडीएम राकेश कुमार सिंह, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित कलेक्ट्रेट परिसर के समस्त अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#highlight #santkabirnagar #UttarPradesh #foollowers
