सिद्धि, अंशिका शर्मा और सोनाक्षी की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल
प्रांजल श्रीवास्तव
संतकबीरनगर। खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करने वाले माउंट वैली के वुशू खिलाड़ियों को जिलाधिकारी अनुज मलिक ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। संतकबीरनगर वुशू मार्शल आर्ट एसोसिएशन से जुड़े इन खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
सम्मानित खिलाड़ियों में सिद्धि, अंशिका शर्मा और सोनाक्षी शामिल हैं। वुशू एवं मार्शल आर्ट में लगातार अभ्यास और मेहनत के दम पर इन खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए जिलाधिकारी ने उनकी सराहना की और भविष्य में भी पूरी लगन, अनुशासन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी से सम्मान प्राप्त कर खिलाड़ियों के चेहरे पर उत्साह और आत्मविश्वास साफ नजर आया।
विद्यालय के प्रबंधक अत्रेश कुमार श्रीवास्तव एवं उप प्रबंधक नितेश कुमार श्रीवास्तव कहा कि यह सफलता बच्चों के निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। खिलाड़ियों ने नियमित प्रशिक्षण के साथ खेल की बारीकियों को समझने तथा अपनी तकनीक में निरंतर सुधार करने का प्रयास किया, जिसका परिणाम उन्हें मिली उपलब्धि के रूप में सामने आया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर बच्चे आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव ने सम्मानित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की क्षमता भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान करता रहेगा।
खिलाड़ियों के प्रशिक्षक विजय कुमार सैनी ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां विद्यालय के साथ-साथ उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों के लिए भी गौरव का विषय हैं। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी पढ़ाई के साथ खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शिक्षक आनंद कुमार, शिवम मिश्रा, किरण श्रीवास्तव, कंचन श्रीवास्तव, लक्ष्मी शर्मा, अंजली विश्वकर्मा और अंजली मद्धेशिया सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे। शिक्षकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्ट: pranjal Srivastava श्रीवास्तव
