इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग के दौरान करंट लगने से 14 वर्षीय मेधावी छात्र और कराटे खिलाड़ी की दर्दनाक मौत

​संतोष सिंह / गोरखपुर। गगहा क्षेत्र में एक अत्यंत दुखद घटना में इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्ज करते समय 14 वर्षीय छात्र प्रांजल यादव की करंट लगने से मौत हो गई। वह 8वीं कक्षा का छात्र था और एक उभरता हुआ जूडो-कराटे खिलाड़ी भी था। उसकी असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, गगहा के यशोदरा कुंज मोहल्ले में प्रमोद यादव का परिवार रहता है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर के ग्राउंड फ्लोर पर इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग पर लगी थी। इसी दौरान प्रांजल किसी तरह चार्जिंग व्यवस्था के संपर्क में आ गया और करंट की चपेट में आने से अचेत होकर गिर पड़ा।

चीख-पुकार सुनकर ऊपरी मंजिल पर मौजूद मां नीचे दौड़ीं तो बेटे को अचेत पड़ा देखा। आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता प्रमोद यादव, जो ठेकेदारी के सिलसिले में छत्तीसगढ़ जा रहे थे, खबर मिलते ही बीच रास्ते से वापस लौटे। उनके पहुंचने पर घर में कोहराम मच गया।

मृतक छात्र के पिता ने भावुक होते हुए बताया कि उन्होंने पहले ही एक हादसे में अपनी बड़ी बेटी को खो दिया था। अब परिवार का एकमात्र सहारा बेटा भी उनसे दूर हो गया, जिससे माता-पिता गहरे सदमे में हैं।

प्रांजल पढ़ाई में मेधावी होने के साथ-साथ खेलकूद में भी काफी सक्रिय था।जूडो-कराटे का खिलाड़ी होने के कारण वह कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका था। कम उम्र में ही उसकी अनुशासनप्रियता और प्रतिभा के कारण वह शिक्षकों और ग्रामीणों के बीच काफी लोकप्रिय था। अंतिम संस्कार के बाद से ही घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *