
संतोष सिंह विशेष संवाददाता
गोरखपुर। गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहाँ आधी रात को प्रेमी के घर पहुंची प्रेमिका की जिद के आगे अंततः परिवार को झुकना पड़ा। ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत बैठी और सहमति बनने के बाद प्रेमी युगल का निकाह संपन्न हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब 2 बजे की है। गांव की एक 22 वर्षीय युवती अचानक अपने प्रेमी के घर पहुँच गई और शादी करने की जिद पर अड़ गई। युवती का आरोप था कि वह पिछले 4 वर्षों से युवक के साथ रिश्ते में है और युवक ने उसे शादी का झांसा दिया था, लेकिन अब वह अपने वादे से मुकर रहा है।
युवक के परिवार वालों ने स्थिति को संभाल पाने में असमर्थ पाकर डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवती अपनी जिद पर कायम रही और बिना निकाह के वहां से हटने से इनकार कर दिया। मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
अगले दिन बुधवार को गांव के बड़े-बुजुर्गों और दोनों पक्षों के परिवारों के बीच घंटों पंचायत चली। मामले की गंभीरता और दोनों के बालिग होने को देखते हुए, अंततः दोनों परिवार निकाह के लिए राजी हो गए। बुधवार शाम करीब 8 बजे गांव की मस्जिद के इमाम ने निकाह पढ़ाया, जिसके बाद युवती की विदाई हुई।
गुलरिहा पुलिस के अनुसार, डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के परिजनों ने लिखित में सूचित किया कि वे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं। मामला आपसी सहमति और सामाजिक स्तर पर सुलझ गया है, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
