स्थानीय थाना परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

मनीष सामंत /  संपादक 

कैम्पियरगंज, गोरखपुर। करुणा चैरिटेबल ट्रस्ट, कैम्पियरगंज-गोरखपुर द्वारा अभय हॉस्पिटल के सहयोग से स्थानीय थाना परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य परामर्श, रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), शुगर सहित अन्य आवश्यक पैथोलॉजी जांचों की सुविधा प्रदान की गई तथा जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।

शिविर में उपस्थित चिकित्सकों की टीम में संस्थापक डॉ. अतुल कुमार मिश्र (सर्जन), डॉ. अंशू सिंह (एम.डी. मेडिसिन), डॉ. प्रांशु कुमार पाठक (मैक्सिलोफेशियल सर्जन), डॉ. राहुल गुप्ता (एम.बी.बी.एस.), डॉ. शाहरुख अली (एम.बी.बी.एस.), डॉ. अर्पिता मिश्रा (एम.बी.बी.एस.), डॉ. राहुल चौरसिया (बीएएमएस) , स्नेहलता सिंह (ऑप्टोमेट्रिस्ट) तथा सुरेन्द्र शर्मा (पैथोलॉजी) शामिल रहे। 

कार्यक्रम के सफल संचालन में राजीव मिश्र, ओंकार सिंह, उमाशंकर सहानी, सोनू गौड़, निशा यादव, शान्ति, आरती, रामरक्षा प्रधान एवं दुर्गेश चंदानी सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर के आयोजन में स्थानीय थाना प्रभारी अरविन्द कुमार सिंह का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। साथ ही थाने के समस्त स्टाफ एवं उपस्थित आरक्षियों का भी सराहनीय सहयोग रहा। सभी पुलिसकर्मियों ने स्वास्थ्य जांच शिविर में भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।

इस अवसर पर थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस कर्मियों एवं आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे शिविर न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि समाज और पुलिस के बीच सकारात्मक संबंधों को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने करुणा चैरिटेबल ट्रस्ट एवं अभय हॉस्पिटल की टीम को इस जनहितकारी पहल के लिए धन्यवाद दिया।

वहीं करुणा चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. अतुल कुमार मिश्र ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।

शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, पुलिसकर्मियों एवं कर्मचारियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया तथा नि:शुल्क दवाओं का लाभ उठाया। आयोजन को क्षेत्रवासियों ने जनहित में एक सराहनीय और उपयोगी पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *