गोरखपुर में आरक्षी भर्ती परीक्षा : 44 केंद्रों पर 1.16 लाख से अधिक अभ्यर्थी आजमाएंगे किस्मत

​संतोष सिंह  / गोरखपुर: उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए गोरखपुर पूरी तरह तैयार है। 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित होने वाली इस तीन दिवसीय परीक्षा में कुल 1,16,784 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने अभूतपूर्व सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की है।

​8, 9 और 10 जून (कुल 3 दिन) , प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा, यानी कुल 6 पालियों में संपन्न होगी। हर पाली में 19,464 और कुल 1,16,784 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जिले भर में कुल 44 केंद्र बनाए गए हैं।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है ।नोडल अधिकारी एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार और एसपी सिटी निमिष पाटिल पूरी व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
​पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) एसपी पीटीएस अनिल कुमार को नियुक्त किया गया है, जो परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करेंगे। ​सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए 44 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 44 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी और डीआईओएस अजीत सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्रों पर सीसीटीवी से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले सघन तलाशी प्रक्रिया से गुजरना होगा।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की विशेष योजना लागू की गई है। परीक्षा केंद्रों पर पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। ​जिला प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया है। अधिकारियों का कहना है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुँचने में कोई असुविधा न हो और परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी रहे, इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *