डीएम अनुज मलिक का औचक निरीक्षण: अस्पताल में गैरहाजिर मिले डॉक्टर-कर्मचारी, नोटिस के निर्देश

प्रांजल श्रीवास्तव

संत कबीर नगर। जिलाधिकारी अनुज मलिक ने गुरुवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय स्थित मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों के रख-रखाव और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था में खामियां मिलने पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

उपस्थिति पंजिका के निरीक्षण में निर्धारित समय पर कई चिकित्सक एवं कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर जिलाधिकारी ने अनुपस्थित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया को अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार लाने तथा सभी चिकित्सकों एवं चिकित्सकीय कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

अव्यवस्थित अभिलेखों पर भी जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान कार्यालय में अभिलेखों और पत्रावलियों का रख-रखाव व्यवस्थित नहीं पाया गया। इस पर डीएम ने संबंधित पटल सहायकों को अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से संरक्षित करने तथा रिकॉर्ड व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

अस्पताल के अंदर और परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली, जिस पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसी एवं सफाई कर्मियों को नियमित और बेहतर सफाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यक छिड़काव कराने के कड़े निर्देश दिए।

अस्पताल से ही मिलें सरकारी दवाएं

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सभी आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही मरीजों को उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी मरीज को बाहर से दवा लिखे जाने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने और दूर-दराज से आने वाले मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किसी प्रकार की परेशानी न होने देने पर भी जोर दिया।

बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य

डीएम ने सभी चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं कर्मचारियों को ड्यूटी के समय बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी शुरू होने और समाप्त होने के समय बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाए। ड्यूटी में लापरवाही अथवा अनधिकृत अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अनुज मलिक ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया से चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं के स्टॉक तथा मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सकों को आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया सहित चिकित्सक, चिकित्सालय के कर्मचारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link