*शराब के नशे में खूनी बना बेटा, फावड़े से वार कर मां की हत्या; आरोपी हिरासत में*

 

*पंकज कुमार अग्रहरि फतेहपुर।बकेवर थाना क्षेत्र* के दिलावलपुर मजरे मुरारपुर गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान बेटे ने फावड़े के पिछले हिस्से से अपनी 65 वर्षीय मां सावित्री देवी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे राजू को हिरासत में लेकर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी पत्नी स्वर्गीय शिवचरण पटेल अपने बेटे राजू के साथ रहती थीं। पुलिस के अनुसार, राजू को शराब पीने की लत थी, जिसको लेकर मां-बेटे के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। शनिवार को भी शराब के नशे में दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि राजू ने फावड़े के पिछले हिस्से से मां के सिर पर प्रहार कर दिया। इस हमले में सावित्री देवी की जान चली गई।

घटना की सूचना पीआरवी-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना पर बकेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान राजू ने विवाद के समय फावड़े के पिछले हिस्से से मां के सिर पर वार करने की बात स्वीकार की।

मृतका के दूसरे बेटे रामजीवन ने अपने छोटे भाई राजू के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं, शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ बिंदकी प्रयांक जैन भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 10 अक्टूबर की सुबह पीआरवी-112 के जरिए दिलावलपुर गांव में एक व्यक्ति द्वारा अपनी मां के सिर पर भारी वस्तु से हमला कर हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान फावड़े के पिछले हिस्से से मां के सिर पर वार करने की बात स्वीकार की। मृतका के दूसरे बेटे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

नशे की लत से परेशान होकर पत्नी बच्चों सहित चली गई थी मायके

परिजनों के मुताबिक, सावित्री देवी के चार बेटे और तीन विवाहित बेटियां हैं। करीब 36 वर्षीय राजू अपनी मां के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि राजू की नशेबाजी से परेशान होकर उसकी पत्नी रश्मि चार दिन पहले अपने 10 और सात वर्ष के दो बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। परिवार में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link