पत्नी की गोली लगने से मौत, पति पर हत्या का आरोप; फरार

मायका पक्ष का आरोप- शादी के बाद से ही करता था शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न, कई बार हुई पंचायत; पुलिस ने शव के पास से तमंचा किया बरामद

वैभव जैन फिरोजाबाद

जसराना। थाना जसराना क्षेत्र के गांव अकबरपुर मस्तपुर में शुक्रवार अलसुबह गोली लगने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला के मायका पक्ष ने उसके पति पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर सीओ और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस को शव के पास से तमंचा भी मिला है। घटना के बाद महिला का पति और उसका भाई फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। वहीं पुलिस प्रथमदृष्टया मामले को आत्महत्या का मानकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार अकबरपुर मस्तपुर निवासी सुशीला (45) पत्नी भुवनेश कुमार उर्फ भोला की शुक्रवार सुबह गोली लगने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मायका पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ प्रेमप्रकाश पांडेय और थाना प्रभारी भगवत सिंह गुर्जर पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य सुरक्षित कराए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका के भाई सत्यवीर और धर्मवीर निवासी पट्टी, थाना एका ने बताया कि उनकी बहन सुशीला की शादी वर्ष 2005 में भुवनेश कुमार के साथ हुई थी। मायका पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही भुवनेश उनकी बहन को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करता था। इसको लेकर परिवार और समाज के लोगों के स्तर पर कई बार पंचायत भी हुई थी। मृतका के भाई धर्मवीर ने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद को लेकर पंचायत हुई थी। पंचायत में समझौता कराने के लिए लोग पहुंचे थे, लेकिन वहां भुवनेश और उसके परिजनों ने पंचायत में आए लोगों के साथ मारपीट कर दी थी। धर्मवीर के अनुसार इस घटना के संबंध में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इसके बाद भी पति-पत्नी के बीच विवाद बना रहा। उधर, ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि महिला ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। पुलिस को शव के पास से तमंचा मिलने के कारण इस पहलू की भी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों को जांच में शामिल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link