पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा शुरू, पहले दिन 10 हजार से अधिक अभ्यर्थी रहे नदारद

​संतोष सिंह / गोरखपुर। जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का आगाज शांतिपूर्ण ढंग से हो गया है। तीन दिनों तक चलने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के पहले दिन प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हजारों अभ्यर्थियों ने अपना भाग्य आजमाया। हालांकि, परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का अनुपस्थित रहना चर्चा का विषय बना रहा।

​प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा के पहले दिन (8 जून) कुल 38,928 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। इनमें से 28,237 अभ्यर्थी ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे, जबकि 10,691 अभ्यर्थियों ने परीक्षा से दूरी बनाए रखी।
​प्रथम पाली में 19,464 में से 14,037 उपस्थित रहे जबकि 5,427 अनुपस्थित रहे।
​द्वितीय पाली में 19,464 में से 14,200 उपस्थित रहे जबकि 5,264 अनुपस्थित रहे।

​गोरखपुर में परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए कुल 44 केंद्र बनाए गए हैं। आगामी 9 और 10 जून को भी परीक्षा जारी रहेगी। तीन दिनों की कुल 6 पालियों में 1,16,784 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

​परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पहले दिन डीआईजी, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) समेत जिले के तमाम आला अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

​सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। केंद्रों के बाहर पुलिस बल की तैनाती और प्रवेश द्वार पर सघन तलाशी के कड़े इंतजाम हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है ताकि आवागमन बाधित न हो।

​जिला प्रशासन ने केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन का कड़ा पहरा जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *