*इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल हुआ लोकदल*


__________________________

*लखनऊ।* दिल्ली में आयोजित इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक में लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने भाग लिया। बैठक में देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक बदहाली, नीट पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि विपक्षी दल इन जनसरोकार के मुद्दों को देशभर में जोरदार तरीके से उठाएंगे और केंद्र सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए संयुक्त अभियान चलाएंगे। विशेष रूप से नीट पेपर लीक और अन्य भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं को लेकर युवाओं के साथ हुए अन्याय को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

इंडिया गठबंधन ने मतदान अधिकारों से जुड़े मुद्दों एवं चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर भी चिंता व्यक्त की। इन विषयों पर मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर आवश्यक हस्तक्षेप और निष्पक्ष व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग किए जाने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में यह भी तय किया गया कि इंडिया गठबंधन की बैठकें प्रत्येक दो महीने के अंतराल पर आयोजित की जाएंगी। अगली बैठक अगस्त 2026 में हैदराबाद में आयोजित होगी।

लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि यह गठबंधन केवल बड़े दलों का मंच नहीं बनना चाहिए। अगर भाजपा को जमीन पर हराना है, तो गांव, किसान, पंचायत, मजदूर, युवा और छोटे क्षेत्रीय दलों को वास्तविक सम्मान और भागीदारी देनी होगी।

देश के युवा, किसान, मजदूर, व्यापारी और आम नागरिक आज महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। विपक्षी दल मिलकर जनता की आवाज को मजबूती से उठाएंगे तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ साझा रणनीति के तहत संघर्ष करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *