मलवां हादसा: सुरेश के ठीक होने के बाद बयान का इंतजार, तभी खुलेगा हादसे का राज!

पांच मौतों के पांच दिन बाद भी मातम

• घायल पूजा कानपुर से घर पहुंची तो मायके वाले फिर ले गए साथ

• सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका पर जांच में नहीं मिले पुख्ता सबूत

  1. • पुलिस ने कबाड़ से बनी गैस और पटाखे की चिंगारी को बताया धमाके की वजह

*पंकज अग्रहरि* | फतेहपुर

मलवां। कस्बे में सोमवार शाम हुए भीषण धमाके के पांच दिन बाद भी हादसे का दर्द कम नहीं हुआ है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के बाद घर में मातम पसरा है। हादसे में घायल पूजा शनिवार को कानपुर के अस्पताल से घर पहुंची, लेकिन उसकी हालत देखकर मायके वाले उसे दोबारा अपने साथ कानपुर ले गए। दो बच्चों को खोने के बाद पूजा गहरे सदमे में है।

सुरेश के ठीक होने का इंतजार

हादसे में परिवार के मुखिया सुरेश गुप्ता की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद सदमे में आए सुरेश अभी ज्यादा बातचीत की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस अब उनके स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है। माना जा रहा है कि हालत में सुधार होने के बाद पुलिस उनका बयान दर्ज करेगी। हादसे के समय घर में वास्तव में क्या हुआ था, इसकी अहम कड़ी सुरेश के बयान से सामने आ सकती है।

सिलेंडर ब्लास्ट की बात, जांच में सामने आई दूसरी वजह

हादसे के बाद सुरेश की पत्नी और बेटी ने सिलेंडर में आग लगने के बाद धमाका होने की बात कही थी। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में सिलेंडर फटने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार मकान की ऊपरी मंजिल पर रखे कबाड़ से गैस बनने का कारण बना। कमरे में गैस जमा होने के दौरान बच्चों के खेलते समय पटाखे की चिंगारी उसके संपर्क में आई और तेज विस्फोट हो गया।

छह लोग दबे थे मलबे में, पांच की गई जान

सोमवार शाम हुए धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सुरेश गुप्ता के दो मंजिला मकान के परखच्चे उड़ गए थे। हादसे के समय परिवार के छह लोग मलबे में दब गए। बचाव अभियान चलाकर सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन पांच लोगों की जान नहीं बच सकी। पूजा घायल हुई थी और उपचार के बाद शनिवार को घर लौटी।

कैसे हुआ धमाका?

पुलिस के अनुसार मकान की ऊपरी मंजिल पर रखा कबाड़ गैस बनने का कारण बना। कमरे में गैस जमा होने के दौरान बच्चों के खेलते समय पटाखे की चिंगारी उसके संपर्क में आई और तेज विस्फोट हो गया।

मलबे से मिले पटाखों के अवशेष

पुलिस के मुताबिक घटनास्थल के मलबे से फुलझड़ी, चकरी और रेडिमेड पटाखों के अवशेष भी मिले हैं। इन तथ्यों को जांच में अहम माना जा रहा है।

पुलिस जांच जारी

हादसे की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में धमाके की वजह कबाड़ से बनी गैस और पटाखे की चिंगारी मानी जा रही है। सुरेश गुप्ता के बयान के बाद जांच को और दिशा मिलने की उम्मीद है।

— थाना प्रभारी रामशंकर सरोज
मलवां, फतेहपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link