*संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना बनी श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा का सहारा*

 

*पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति के रूप में मिल रही आर्थिक सहायता*

*18 लाभार्थियों को ₹86,500 की धनराशि वितरित, शिक्षा की निरंतरता और उज्ज्वल भविष्य को मिला नया संबल*

अमित सिंह मोनू  / *बस्ती, 4 जून।* यूपी में योगी सरकार द्वारा श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और आर्थिक अभाव के कारण उनकी पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए संचालित संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना जनपद बस्ती में प्रभावी रूप से लाभ पहुंचा रही है। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से संचालित यह योजना पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए शिक्षा का मजबूत सहारा बन रही है।
योजना के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा के अनुसार छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिससे वे अपनी पढ़ाई नियमित रूप से जारी रख सकें। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह सहायता राशि शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे बच्चों को विद्यालय में नामांकन बनाए रखने, पुस्तकें, कॉपियां तथा अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने में सहायता मिल रही है।
जनपद बस्ती में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत 18 लाभार्थियों को कुल ₹86,500 की छात्रवृत्ति धनराशि वितरित की गई है। इस सहायता से श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में प्रोत्साहन मिला है तथा उनके अभिभावकों की आर्थिक चिंताओं में भी कमी आई है।
योजना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निर्माण श्रमिकों के बच्चे आर्थिक कठिनाइयों के कारण शिक्षा से वंचित न रहें। राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिनमें संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना विशेष महत्व रखती है। यह योजना शिक्षा के माध्यम से श्रमिक परिवारों के बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
जिला प्रशासन एवं श्रम विभाग द्वारा पात्र श्रमिकों को योजना की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी इसका लाभ प्राप्त कर सकें। योजना के प्रभाव से श्रमिक परिवारों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है और बच्चों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने की प्रेरणा भी मिली है।
संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना न केवल आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि श्रमिक परिवारों के बच्चों के सपनों को नई उड़ान भी दे रही है। शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल समाज के कमजोर वर्गों के लिए आशा और प्रगति का माध्यम बनकर उभर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *