फोरलेन निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा, मिट्टी में दबने से मजदूर की मौत

​संतोष सिंह / गोरखपुर: भटहट क्षेत्र के दलाल चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब निर्माणाधीन फोरलेन के डिवाइडर पर मिट्टी में दबा हुआ एक मजदूर का शव मिला। घटना गुरुवार सुबह तब उजागर हुई, जब राहगीरों ने मिट्टी के ढेर से एक मानव पैर बाहर निकला हुआ देखा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।

​मृतक की पहचान 35 वर्षीय मिंटू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से देवरिया जिले का रहने वाला था। पिछले पांच वर्षों से वह गुलरिहा क्षेत्र के तरकुलहां स्थित अपनी ससुराल में रहकर मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहा था। परिजनों के अनुसार, मिंटू पिछले 10 दिनों से जंगल कौड़िया में चल रहे सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था।

​प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक थकान के कारण मिंटू बुधवार रात डिवाइडर पर ही सो गया था। इसी बीच, डंपर से गिराई गई मिट्टी के नीचे दब जाने से उसकी दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस को घटनास्थल से एक झोला बरामद हुआ है, जिसमें रोटी-सब्जी, देसी शराब का पाउच, चिलम, मोबाइल चार्जर और एक शॉल मिली है।

​सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्रा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बैकहो लोडर (JCB) और अन्य मजदूरों की मदद से मिट्टी हटवाकर शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके।

​मिंटू की असामयिक मौत से उसका परिवार पूरी तरह टूट गया है। उसके परिवार में पत्नी नीता देवी के अलावा 8 साल का बेटा किस और 4 साल की मासूम बेटी गुड़िया है। पिता की मौत की खबर सुनते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ​

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *