*दो वर्षों में बस्ती में 238 उद्यमियों को 23.38 करोड़ रुपये से अधिक का मिला ऋण*
*उद्यम स्थापना के लिए वित्तीय सहायता, मार्जिन मनी अनुदान और उद्यमिता विकास प्रशिक्षण का लाभ*
*अमित सिंह मोनू
बस्ती, 30 जून।* उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना जनपद बस्ती के युवाओं को स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से उद्यम स्थापना के इच्छुक युवाओं को वित्तीय सहायता, मार्जिन मनी अनुदान तथा उद्यमिता विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर रोजगार सृजन में भी योगदान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना का उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवाओं को अपना उद्योग, सेवा या व्यवसाय स्थापित करने के लिए आसान वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के तहत विनिर्माण क्षेत्र में अधिकतम 25 लाख रुपये तथा सेवा क्षेत्र में अधिकतम 10 लाख रुपये तक का ऋण प्रदान किया जाता है। साथ ही पात्र लाभार्थियों को परियोजना लागत के अनुरूप मार्जिन मनी अनुदान का भी लाभ मिलता है।
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, बस्ती के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में योजना के तहत 127 लाभार्थियों को 1275.44 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 111 लाभार्थियों को 1062.92 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। इस प्रकार दोनों वर्षों में कुल 238 उद्यमियों को 2338.36 लाख रुपये अर्थात 23.38 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण प्रदान किया गया है।
योजना का लाभ प्राप्त कर जनपद के अनेक युवाओं ने सूक्ष्म एवं लघु उद्योग, रेडीमेड गारमेंट्स, फर्नीचर निर्माण, मोबाइल रिपेयरिंग, ऑटोमोबाइल सर्विस, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण तथा अन्य सेवा आधारित उद्यम स्थापित किए हैं। इससे न केवल उनकी आय में वृद्धि हुई है बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं।
योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को उद्यमिता विकास प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है, जिससे वे व्यवसाय संचालन, वित्तीय प्रबंधन, विपणन और उद्यम विकास संबंधी आवश्यक जानकारियां प्राप्त कर सफल उद्यमी बन सकें। प्रशिक्षण के कारण नए उद्यमियों का आत्मविश्वास बढ़ा है और उनके व्यवसाय की सफलता की संभावना भी मजबूत हुई है।
जिला प्रशासन एवं उद्योग विभाग द्वारा अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजना से जोड़ने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में प्रभावी कदम साबित हो रही है।
मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना के माध्यम से बस्ती में स्वरोजगार को नई गति मिली है। योजना से लाभान्वित युवा आत्मनिर्भर बनकर प्रदेश के आर्थिक विकास में योगदान दे रहे हैं तथा अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रहे हैं।
