*बस्ती में अंत्येष्टि स्थलों का हो रहा विकास, ग्रामीणों को मिल रही सम्मानजनक अंतिम संस्कार की सुविधा*

 

*32 अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण से बदल रही ग्रामीण बस्ती की तस्वीर, 22 कार्य पूर्ण, 10 स्थलों पर निर्माण कार्य प्रगति पर*

*ग्राम पंचायतों के प्रस्तावों के आधार पर विकसित हो रही अंतिम संस्कार की आधुनिक व्यवस्था*

*अमित सिंह मोनू

बस्ती, 7अगस्त।* उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनपद बस्ती के ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार की व्यवस्था को अधिक सम्मानजनक, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में पंचायत राज विभाग द्वारा अंत्येष्टि स्थलों का विकास तेजी से कराया जा रहा है। ग्राम पंचायतों के प्रस्तावों के आधार पर उन स्थानों का चयन किया जाता है, जहां परंपरागत रूप से शवदाह किया जाता रहा है। इन स्थानों को आवश्यक आधारभूत सुविधाओं से सुसज्जित कर ग्रामीणों को बेहतर अंतिम संस्कार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान जनपद को कुल 32 अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुआ। इनमें वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 16 अंत्येष्टि स्थलों में से 15 का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 16 स्थलों में से 7 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष 9 स्थलों पर कार्य तेजी से चल रहा है। इस प्रकार अब तक कुल 22 अंत्येष्टि स्थल पूर्ण होकर ग्रामीणों के उपयोग के लिए उपलब्ध हो चुके हैं।
इन अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार के दौरान होने वाली असुविधाओं में उल्लेखनीय कमी आई है। पहले जहां कई स्थानों पर पर्याप्त व्यवस्था का अभाव था, वहीं अब पक्के प्लेटफॉर्म, सुरक्षित परिसर तथा आवश्यक सुविधाओं के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न हो रही है।
पंचायत राज विभाग का उद्देश्य ग्रामीणों को जीवन की प्रत्येक आवश्यक सेवा के साथ-साथ अंतिम संस्कार जैसी संवेदनशील व्यवस्था के लिए भी सम्मानजनक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इससे न केवल ग्रामीणों को सुविधा मिल रही है, बल्कि सार्वजनिक स्थलों का सुव्यवस्थित विकास भी सुनिश्चित हो रहा है।
जनपद प्रशासन का कहना है कि शेष निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थलों का कार्य भी निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाएगा। सभी ग्राम पंचायतों में आवश्यकता के अनुसार ऐसे स्थलों का विकास कर ग्रामीणों को स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक अंतिम संस्कार की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *