आरक्षी भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी, 44 केंद्रों पर 1.16 लाख अभ्यर्थी आजमाएंगे किस्मत

​संतोष सिंह / गोरखपुर: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए गोरखपुर जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। आगामी 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल 1,16,784 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

​परीक्षा की रूपरेखा के अनुसार, यह आयोजन तीन दिनों ( 8, 9 और 10 जून ) तक चलेगा, जिसमें प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस प्रकार पूरी प्रक्रिया कुल छह पालियों में संपन्न होगी। प्रति पाली 19,464 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।

​परीक्षा को पूर्णत निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने जिम्मेदारी तय कर दी है। एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार और पुलिस नोडल अधिकारी के रूप में एसपी सिटी निमिष पाटिल कमान संभालेंगे। एसपी पीटीएस अनिल कुमार को पूरी परीक्षा प्रक्रिया का ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है, जो सीधे निगरानी रखेंगे।
​सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिले को 44 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर के लिए एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और प्रत्येक परीक्षा केंद्र के लिए एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है।
​एनेक्सी भवन सभागार में आयोजित बैठक में सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी और डीआईओएस अजीत सिंह ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। केंद्रों पर अभ्यर्थियों का सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा।
​नकल विहीन परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। सुगम आवागमन के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

​जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की गरिमा बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया है कि परीक्षा प्रक्रिया को बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *