*दहेज में कार और दस लाख रुपये मांगने का आरोप, 14 लोगों पर मुकदमा*

 

बड़हलगंज। दहेज में कार और 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए बड़हलगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

धोबौली गांव निवासी बृजलता सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी शादी सात दिसंबर 2014 को मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के गंगेवीर गांव निवासी चन्द्रशेखर सिंह के साथ हुई थी। उनके तीन बेटियां हैं। तहरीर के अनुसार शादी के बाद पति की सरकारी नौकरी लगने पर ससुराल पक्ष की ओर से कथित तौर पर लग्जरी कार और 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जाने लगी।

शिकायतकर्ता के अनुसार गृहस्थी बचाने के लिए मायके से वर्ष 2018 और 2019 में एक-एक लाख रुपये मंगाकर ससुराल पक्ष को दिए गए, लेकिन इसके बाद भी कथित प्रताड़ना जारी रही।

बृजलता ने आरोप लगाया कि 14 अगस्त 2025 की रात करीब नौ बजे पति, सास, ससुर और अन्य नामजद रिश्तेदारों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि पति ने बाल खींचकर जमीन पर पटक दिया और सीने पर चढ़ गया, जबकि सास पर गला दबाने का आरोप लगाया गया है। शोर सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने पर जान बचने की बात तहरीर में कही गई है।

इसके बाद सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और अन्य स्त्रीधन छीनने तथा पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है। विवाहिता का कहना है कि जान बचाने के लिए उसने अपना स्त्रीधन दे दिया, जिसके बाद उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि ससुराल पक्ष बड़ी बेटियों को अपने पास रखना चाहता है, जबकि विवाहिता और उसकी छोटी बेटी को साथ रखने से इनकार कर रहा है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link