*नई तहसील समेत प्रभावित क्षेत्रों में जांच तेज, मलेरिया विभाग की टीम ने घरों का किया निरीक्षण*
पंकज अग्रहरि,फतेहपुर। शहर में डेंगू के दो नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मरीजों की पुष्टि होने के बाद मलेरिया विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जांच-पड़ताल की। टीम ने मरीजों के घरों और आसपास के इलाकों का निरीक्षण कर मच्छरों के प्रजनन स्थलों की तलाश की।
जानकारी के अनुसार, एक मरीज को तीन दिन से तेज बुखार आ रहा था। उपचार के बाद भी स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने और प्लेटलेट्स में गिरावट आने पर जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके बाद मरीज का उपचार शुरू किया गया।
वहीं, नई तहसील क्षेत्र में भी एक अन्य मरीज में डेंगू की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। विभागीय टीम ने संबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर घरों के आसपास जमा पानी और मच्छरों के पनपने की संभावित जगहों की जांच की।
टीम ने लोगों को घरों और आसपास साफ-सफाई रखने तथा पानी जमा नहीं होने देने के लिए जागरूक किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि कूलर, गमले, पानी की टंकियों और अन्य बर्तनों में पानी जमा न होने दें। बुखार आने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श करें और जरूरत पड़ने पर जांच कराएं।
