आम के पेड़ से लटकता मिला प्रधान प्रतिनिधि के बड़े भाई का शव, गांव में मचा हड़कंप

जागरण में शामिल होने के बाद घर नहीं लौटे थे मुनीब सिंह, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के गायघाट गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के समीप एक बाग में आम के पेड़ से लटकता हुआ व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजित सिंह के बड़े भाई मुनीब सिंह पुत्र अयोध्या सिंह के रूप में हुई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, मुनीब सिंह शुक्रवार रात गांव में दुर्गा पूजा पंडाल में आयोजित रात्रि जागरण में शामिल हुए थे। जागरण समाप्त होने के बाद वह घर नहीं लौटे। शनिवार सुबह गांव के समीप बाग में उनका शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

शव मिलने की परिस्थितियों को लेकर कुछ ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

बताया जाता है कि करीब एक वर्ष पहले मुनीब सिंह के छोटे भाई प्रदीप सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अब मुनीब सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की मां गुलाबी देवी और पत्नी माधुरी सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार की बेटी प्रगति सिंह की शादी भी मार्च में तय थी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link