2.550 किलो गांजे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, सरकी बाग के पास हुई कार्रवाई

 

– असोथर निवासी शिवबरन उर्फ त्यागी और खखरेरू निवासी सनी कुमार रैदास पुलिस की गिरफ्त में
– नरैनी में भी गांजा तस्करी से जुड़े मामले में हो चुकी है कार्रवाई

पंकज कुमार अग्रहरि।सैटरडेवार्ता, फतेहपुर। गाजीपुर थाना पुलिस ने गांजा बरामदगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान असोथर निवासी शिवबरन उर्फ त्यागी और खखरेरू निवासी सनी कुमार रैदास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के पास से कुल 2.550 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार को सरकी बाग के समीप संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। मामले में गाजीपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, शिवबरन उर्फ त्यागी का नाम इससे पहले भी गांजा तस्करी से संबंधित एक मामले में सामने आया था। किशुनपुर थाना क्षेत्र के नरैनी में भी उनके खिलाफ इस संबंध में कार्रवाई की गई थी। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उस मामले में उन्हें हाईकोर्ट से स्थगन आदेश मिला था। पुलिस रिकॉर्ड में शिवबरन के खिलाफ किशुनपुर थाने में भी एक मुकदमा दर्ज होने की बात सामने आई है।

वहीं, दूसरे आरोपी सनी कुमार रैदास के खिलाफ भी एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link