
सगीर खान जंगल कौडिया
गोरखपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत बुधवार को परम ज्योति इंटर कॉलेज रसूलपुर चकिया की छात्रा शिखा पासवान ने क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज का कार्यभार संभाला और लोगों की समस्याओं को सुना।
जानकारी के अनुसार कक्षा 9 की छात्रा शिखा पासवान पुत्री सुनील कुमार को सीओ कैम्पियरगंज अनुराग कुमार सिंह ने अपनी कुर्सी पर बैठाकर चार्ज सौंपा। चार्ज संभालते ही दो आगंतुक एक केस को लेकर उनसे मिले। प्रभारी सीओ शिखा ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर संबंधित अधिकारियों को निस्तारण का निर्देश दिया।
इसके बाद छात्रा ने सीओ कार्यालय के विभिन्न पटलों का भ्रमण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इसी दौरान सीयूजी नंबर पर एक शिकायत आई कि कुछ लोग उनकी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। छात्रा ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों की मदद से संबंधित थाना प्रभारी को मामले की सूचना दी। सीओ कैंपियरगंज अनुराग कुमार सिंह ने पुलिस के दायित्व और जिम्मेदारी को समझाया और साइबर अपराध जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की।
कार्यालय से जाते समय छात्रा ने पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस की नौकरी बहुत ही जिम्मेदारी भरी नौकरी होती है, आगे चलकर मैं भी पुलिस अधिकारी बनूंगी।
बोले सीओ –
छात्रा शिखा को मिशन शक्ति के तहत प्रोत्साहित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करना है। बेटियां पढ़-लिख लें, तो निश्चित तौर पर आगे बढ़ेंगी।
– अनुराग कुमार सिंह, सीओ, कैम्पियरगंज।
