(सैटरडेवार्ता) गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को गोरखपुर में ‘सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह की प्रमुख उपस्थिति रही। बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए।
गोरखपुर क्लब से शुरू हुई सेवा ज्योति यात्रा में भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के झंडे और ‘25 साल जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के संदेश के साथ उत्साहपूर्वक शामिल हुए। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकसित राष्ट्र बनाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में गोरखपुर के सांसद रवि किशन, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, राज्यसभा सदस्य डॉ. राधा मोहन अग्रवाल, विधायक विमलेश पासवान, महेंद्र पाल सिंह, श्रवण निषाद , विधायक प्रदीप शुक्ला , विधायक राजेश त्रिपाठी विधायक फतेहबहादुर सिंह सहित भाजपा के अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। पूर्व महापौर डॉ. सत्या पांडेय, महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी , निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष बृजेश मणि मिश्र सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण की प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं। कार्यकर्ताओं ने सेवा को संगठन का मूल मंत्र बताते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया ।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में उत्साह और एकजुटता का माहौल दिखाई दिया। भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आने वाले दिनों में भी जनता के बीच सक्रिय रहकर जनसेवा को राष्ट्रसेवा से जोड़ने का आह्वान किया।
