जलाभिषेक कर डीएम ने लिया बाबा का आशीर्वाद, काश्तकारों को दिया भरोसा—विकास में नहीं होगा किसी का अहित
प्रांजल श्रीवास्तव
संतकबीरनगर। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तामेश्वरनाथ धाम के कायाकल्प की कवायद तेज हो गई है। धाम को भव्य कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना को लेकर जिलाधिकारी अनुज मलिक ने स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में पहुंचकर बाबा तामेश्वरनाथ का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना कर जनपद के सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने प्रस्तावित कॉरिडोर से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी अधिकारियों से ली और मौके की स्थिति का जायजा लिया।
डीएम ने कहा कि तामेश्वरनाथ धाम की धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए इसे बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित किया जाना है। श्रद्धालुओं की सुविधा, आवागमन, स्वच्छता, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए विकास की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
इस दौरान प्रस्तावित विकास कार्यों से प्रभावित होने वाले काश्तकारों और स्थानीय लोगों से भी संवाद किया गया। जिलाधिकारी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि विकास कार्य जनहित में होंगे और किसी भी व्यक्ति के हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि एवं अन्य मामलों में नियमानुसार प्रक्रिया का पालन करते हुए संबंधित लोगों की बात सुनी जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्ययोजना को आगे बढ़ाने तथा प्रस्तावित कार्यों में अनावश्यक विलंब न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तामेश्वरनाथ धाम का विकास श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
