विनीत पाण्डेय
गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के धौसहर गांव में गोवंश कटान की सूचना और कथित वीडियो वायरल होने के बाद मचे हड़कंप के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
मामले में वांछित आरोपियों की तलाश के दौरान गोला पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम दक्षिणी गोरखपुर की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।दरअसल, गोला थाना क्षेत्र के धौसहर गांव में गोवंश कटान की सूचना सामने आने और घटना से जुड़ा कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हलचल मच गई थी। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो और घटना की वास्तविकता की जांच शुरू की।
मामले को लेकर चिल्लूपार से भाजपा विधायक राजेश त्रिपाठी ने घटना को बेहद दुखद बताया था और अधिकारियों से लगातार संपर्क में होने की बात कही थी। विधायक ने कहा था कि वह देवरिया में हैं और मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी लेंगे।
इसी बीच गोवध निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित आरोपियों की तलाश में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली कि मामले से जुड़े चार आरोपी दो मोटरसाइकिलों से इलाके में आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर गोला पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम दक्षिणी गोरखपुर ने चीनी मिल मालहनपार रोड पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे।
पुलिस का दावा है कि रोकने का प्रयास करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। कार्रवाई में अब्दुल रहमान उर्फ राजू के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा आरोपी नूरूल हसन बाइक अनियंत्रित होने के बाद सड़क पर गिर गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
दोनों गिरफ्तार आरोपी इमलीडीहखूर्द, थाना सिकरीगंज, गोरखपुर के रहने वाले बताए गए हैं। घायल अब्दुल रहमान को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। वहीं, मुठभेड़ के दौरान दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस टीमें फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, गोवंश कटान की सूचना और दर्ज मुकदमे से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
