*महिला की हत्या का आरोपी हुआ गिरफ्तार,भेजा गया जेल।*

 

*पुलिस ने अरविंद उर्फ डंकू को दबोचा, घटना में प्रयुक्त ओमनी कार बरामद।*

पंकज चौहान

*जनपद मैनपुरी* थाना कुरावली क्षेत्र के ग्राम चंदाई में लखौरा मार्ग पर महिला को ओमनी कार से टक्कर मारकर मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ओमनी कार भी बरामद की है।

एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने घटना की जानकारी देते हुये बताया है कि बीते 25 सितंबर 2026 को ग्राम चंदाई के लखौरा मार्ग पर एक महिला को जान से मारने की नीयत से ओमनी कार से टक्कर मार दी गई थी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मामले में मृतका के पति शिशुपाल पुत्र नत्थू सिंह निवासी ग्राम टीकाहार, थाना कुर्रा की तहरीर पर थाना कुरावली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में सीओ कुरावली सचितानंद सिंह के नेतृत्व में थाना कुरावली पुलिस व मिशन शक्ति टीम एवं अन्य पुलिस टीमों को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया। पुलिस ने विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अरविंद उर्फ डंकू पुत्र प्रकाश, निवासी ग्राम चंदाई, थाना कुरावली, मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ग्रामीण के मुताबिक आरोपी को 1 अक्टूबर को सुबह करीब 6:50 बजे एनएच-34 रोड से ग्राम महादेवा की ओर गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ओमनी कार बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध थाना कुरावली में अपराध संख्या 429/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गयी थी।आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी के नेतृत्व में निरीक्षक सविता सेंगर (प्रभारी मिशन शक्ति टीम), उपनिरीक्षक शैलेश निगम, दिनेशचंद्र त्रिपाठी, कांस्टेबल प्रवीण कुमार, दीपांशु, प्रियंक , नेहा, मंजू सागर, साधना तथा हेड कांस्टेबल अर्चना गौतम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link