एडवोकेट वासु रंजन ने चंडीगढ़ के डीजीपी व एसएसपी को भेजी शिकायत
अनिल कुमार सैनी
लखनऊ ! चंडीगढ़: काउंसिल ऑफ लॉयर्स के चेयरमैन एवं सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट वासु रंजन ने लखनऊ में आयोजित एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान भगवान हनुमान के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए चंडीगढ़ के डीजीपी एवं एसएसपी को शिकायत भेजकर प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में कथित रूप से भगवान हनुमान के वेश में एक व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी का झंडा लेकर रोड शो के दौरान नृत्य करता दिखाई दे रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह कार्यक्रम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तथा भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पंकज चौधरी की उपस्थिति में आयोजित हुआ था और इस दृश्य से उनकी धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं।
एडवोकेट वासु रंजन ने अपनी शिकायत में मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराई जाए, संबंधित वीडियो सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को तत्काल सुरक्षित रखा जाए तथा घटना के लिए जिम्मेदार आयोजकों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध लागू कानून के अनुसार FIR दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक प्रतीक, देवी-देवता या आस्था से जुड़े स्वरूप का ऐसा उपयोग, यदि वह धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला हो, तो उसकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है ताकि कानून का शासन और सामाजिक सौहार्द दोनों बनाए रखा जा सके। एडवोकेट वासु रंजन ने यह भी कहा कि यदि निर्धारित समयावधि के भीतर शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वह अदालत का दरवाज़ा खटखटाएँगे और किसी क़ीमत पर सनातन का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे ।
