*अमृत 2.0 योजना से बभनान में घर-घर पहुंच रहा स्वच्छ पेयजल, 88 प्रतिशत कार्य पूर्ण*

*₹24.86 करोड़ की लागत से 73.6 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने, दो ओवरहेड टैंक निर्माण कार्य पूर्ण*

*नगर पंचायत के 15 वार्डों के हजारों नागरिकों को बेहतर पेयजल सुविधा का मिल रहा लाभ*

*अमित सिंह मोनू स्वतंत्र पत्रकार

बस्ती, 24 जून।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारत सरकार की अटल मिशन फॉर रीजूवनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन (अमृत) 2.0 योजना के तहत नगर पंचायत बभनान में सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित पुनर्गठित पेयजल योजना तेजी से प्रगति कर रही है। लगभग 24.86 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस महत्वाकांक्षी परियोजना का 88 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। योजना के पूर्ण होने पर नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों में रहने वाले हजारों नागरिकों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी।
योजना के अंतर्गत 73.6 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य कराया गया है, जिससे नगर क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों तक जलापूर्ति नेटवर्क का विस्तार हो चुका है। इसके साथ ही जल भंडारण एवं वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दो ओवरहेड टैंकों का निर्माण भी कराया जा रहा है। परियोजना के माध्यम से कुल 5698 गृह संयोजन प्रदान किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनमें से अब तक 2002 परिवारों को नल जल कनेक्शन का लाभ मिल चुका है।
इस परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 24.86 करोड़ रुपये है, जिसके सापेक्ष अब तक 11.49 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है। कार्यदायी संस्था द्वारा लगभग 10.96 करोड़ रुपये व्यय करते हुए विभिन्न निर्माण एवं पाइपलाइन विस्तार कार्यों को गति प्रदान की गई है। शेष कार्यों को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं अमृत 2.0 योजना का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करना, जल संरक्षण को बढ़ावा देना तथा प्रत्येक परिवार तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना है। बभनान पुनर्गठित पेयजल योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। योजना के पूर्ण होने के बाद नगर पंचायत क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर जलापूर्ति सुविधा मिलेगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार होने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *