*कैश क्रेडिट लिमिट योजना के तहत 5,930 समूहों के 65,230 लाभार्थियों को वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया गया*
*स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हजारों ग्रामीण महिलाओं को वित्तीय सहायता, सामुदायिक निवेश निधि एवं कैश क्रेडिट सुविधा का मिला लाभ*
*अमित सिंह मोनू
बस्ती, 19 जून।* उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण गरीब परिवारों, विशेषकर महिलाओं को संगठित कर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं में बचत की आदत विकसित की जाती है तथा उन्हें बैंकिंग सेवाओं, ऋण सुविधाओं और विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जाता है। इसके परिणामस्वरूप महिलाएं छोटे-छोटे व्यवसाय स्थापित कर अपने परिवार की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में जनपद बस्ती में रिवॉल्विंग फंड (आरएफ) के अंतर्गत 713 समूहों के 7,843 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। इसी प्रकार कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड (सीआईएफ) के तहत 1,406 समूहों के 15,466 लाभार्थियों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई। वहीं कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) योजना के अंतर्गत 6,596 समूहों के 72,556 लाभार्थियों को बैंकिंग सहायता उपलब्ध कराई गई।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में भी मिशन की उपलब्धियां लगातार आगे बढ़ रही हैं। इस अवधि में आरएफ के तहत 448 समूहों के 4,928 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। सीआईएफ के अंतर्गत 984 समूहों के 10,824 लाभार्थियों को सहायता प्राप्त हुई है, जबकि सीसीएल योजना के तहत 5,930 समूहों के 65,230 लाभार्थियों को वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया गया है।
मिशन के अंतर्गत महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई, डेयरी, पशुपालन, कृषि आधारित गतिविधियों, खाद्य प्रसंस्करण एवं अन्य स्वरोजगार कार्यक्रमों से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है बल्कि परिवार और समाज में उनका सम्मान एवं निर्णय लेने की क्षमता भी बढ़ी है।
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की यह पहल ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। बस्ती जनपद में हजारों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवारों के विकास में योगदान दे रही हैं। यह मिशन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और गरीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
