*बस्ती में कन्या विवाह सहायता योजना बनी श्रमिक परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह का सहारा*

 

*साल 2025-26 में 1,607 लाभार्थियों को ₹9.22 करोड़ से अधिक की सहायता राशि वितरित*

*श्रमिक परिवारों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम*

अमित सिंह मोनू स्वतंत्र पत्रकार
*बस्ती, 12 जून।* उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित कन्या विवाह सहायता योजना जनपद बस्ती के श्रमिक परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों के विवाह हेतु आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे परिवारों को विवाह के खर्चों का वहन करने में मदद मिल रही है और बेटियों का सम्मानजनक विवाह सुनिश्चित हो रहा है।
इस योजना के तहत सामान्य विवाह पर ₹65,000, अंतरजातीय विवाह पर ₹75,000 तथा सामूहिक विवाह में शामिल होने पर ₹85,000 की सहायता राशि प्रदान की जाती है। इस आर्थिक सहयोग से श्रमिक परिवारों पर पड़ने वाला वित्तीय बोझ कम हुआ है तथा उन्हें कर्ज लेने की आवश्यकता भी कम पड़ रही है।
जनपद बस्ती में योजना का व्यापक लाभ देखने को मिला है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 590 लाभार्थियों को ₹3.24 करोड़ से अधिक की सहायता राशि वितरित की गई। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 1,607 लाभार्थियों को ₹9.22 करोड़ से अधिक की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है।
योजना का लाभ प्राप्त करने वाले श्रमिकों ने बताया कि आर्थिक सहायता मिलने से उनकी बेटियों का विवाह बेहतर ढंग से संपन्न हो सका तथा विवाह संबंधी खर्चों की चिंता काफी हद तक कम हो गई। कन्या विवाह सहायता योजना न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है, बल्कि श्रमिक परिवारों की बेटियों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को भी मजबूत कर रही है।
श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पात्र पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को योजना का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक परिवार इसका लाभ उठा सकें। योजना श्रमिक परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *