*करमैनीघाट पुल पर सुरक्षा जाली निर्माण का हुआ शिलान्यास विधायक फतेह बहादुर सिंह ने जनसुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता*

मनीष सामंत / संपादक
कैंपियरगंज, गोरखपुर।
कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र के विकास एवं जनसुरक्षा को नई मजबूती प्रदान करते हुए विधायक फतेह बहादुर सिंह ने करमैनीघाट पुल पर दोनों ओर सुरक्षा जाली (रेलिंग) निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। यह महत्वपूर्ण कार्य विधायक निधि एवं क्रिटिकल गैप योजना के अंतर्गत जिलाधिकारी के सहयोग से कराया जा रहा है।
गौरतलब है कि करमैनीघाट पुल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही थी। पुल के दोनों किनारों पर मजबूत सुरक्षा जाली लगाए जाने से भविष्य में संभावित दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी तथा राहगीरों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
इस अवसर पर विधायक फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि जनहित, जनसुरक्षा और क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कैंपियरगंज विधानसभा की जनता ने जो विश्वास और आशीर्वाद उन्हें दिया है, उसी के बल पर क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर जीवन स्तर के लिए हर संभव प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
विधायक ने कहा कि उनकी प्रतिबद्धता केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना भी उनका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कैंपियरगंज विधानसभा को और अधिक सुरक्षित, समृद्ध तथा विकासशील बनाने के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया ।।।
रिपोर्ट राजेश सोनी कैंपियरगंज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *