म्यांमार जॉब स्कैम: चंगुल से छूटे 3 भारतीय, अब तक 2,521 की वतन वापसी

 

 

बैंकॉक/यंगून। म्यांमार के कुख्यात म्यावाडी क्षेत्र में सक्रिय अवैध साइबर अपराध नेटवर्क और ऑनलाइन जॉब स्कैम के चंगुल में फंसे तीन और भारतीय नागरिकों को सफलतापूर्वक मुक्त कराकर सुरक्षित भारत वापस लाया गया है। म्यांमार और थाईलैंड में स्थित भारतीय मिशनों के कूटनीतिक प्रयासों और त्वरित सुरक्षा समन्वय के चलते इन नागरिकों को म्यांमार से थाईलैंड के रास्ते वतन वापसी कराने में बड़ी सफलता मिली है।
भारतीय विदेश मंत्रालय और संबंधित भारतीय मिशनों के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दक्षिण-पूर्व एशिया में अवैध रूप से संचालित हो रहे इन ऑनलाइन जॉब रैकेट के खिलाफ भारत सरकार का कड़ा रुख जारी है। जुलाई 2022 में इस रैकेट का पहला मामला सामने आने से लेकर वर्तमान (अगस्त 2026) तक, निरंतर चलाए गए बचाव अभियानों के तहत कुल 2,521 भारतीय नागरिकों को इन साइबर स्कैम सेंटरों से सुरक्षित निकालकर स्वदेश वापस लाया जा चुका है।
म्यांमार स्थित भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर लिखा, म्यांमार के अधिकारियों द्वारा प्रदान की गई सहायता और थाईलैंड में भारतीय दूतावास द्वारा प्रदान किए गए समन्वय के साथ, म्यावाडी में ऑनलाइन घोटाले के संचालन में शामिल तीन भारतीय नागरिकों को कल थाईलैंड के माध्यम से भारत वापस लाया गया। जुलाई 2022 से वर्तमान तक कुल संख्या 2,521 व्यक्तियों तक पहुंच गई है। हम ऐसे नौकरी प्रस्तावों के संबंध में अपनी एडवाइजरी और सावधानी बरतने की हिदायत को दोहराते हैं।
डिजिटल बंधक केंद्रों से निकाले जाने के बाद, इन नागरिकों को सीमा पार कराकर पहले थाईलैंड लाया गया। वहां बैंकॉक स्थित भारतीय दूतावास ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके जरूरी यात्रा दस्तावेज़ तैयार करवाए और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें सुरक्षित भारत रवाना किया। बता दें कि पिछले करीब चार वर्षों के दौरान दोनों देशों में स्थित भारतीय मिशनों ने ऐसे जॉब स्कैम के जाल में फंसे भारतीयों की खूब मदद की है।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *