
अनिल कुमार सैनी
आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ गांव में सुबह सड़क हादसे में सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शाहगढ़ निवासी प्रवेश चौहान का सात वर्षीय पुत्र रिशु चौहान सुबह करीब छह बजे मां के कहने पर गांव की दुकान से शैंपू लेने गया था। शैंपू खरीदने के बाद वह घर लौटने के लिए दुकान से निकला, तभी तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मासूम वाहन के साथ घिसटता हुआ सड़क किनारे नीम के पेड़ से जा टकराया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पिकअप चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिशु दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
