*लखनऊ।* प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। ऐसे समय में बिजली पर 10 प्रतिशत फ्यूल चार्ज बढ़ाने का फैसला जनता की जेब पर सीधा डाका डालने जैसा है। सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार नए-नए आर्थिक बोझ थोप रही है।
लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि यह सरकार जनता की नहीं, बल्कि बिजली कंपनियों के हितों की सरकार बनकर काम कर रही है। एक तरफ आम आदमी महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते खर्चों से परेशान है, दूसरी तरफ सरकार बिजली बिलों में फ्यूल चार्ज बढ़ाकर लोगों का जीवन और कठिन बनाना चाहती है।
सुनील सिंह ने कहा कि सरकार यह न भूले कि प्रदेश में चुनावी माहौल है और जनता हर फैसले का हिसाब रख रही है। यदि बिजली बिलों के नाम पर जनता की जेब काटने का यह सिलसिला जारी रहा, तो आने वाले चुनाव में जनता वोट की चोट से इसका जवाब देगी।
