ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ये घटना चिंताजनक है और आगाह करने वाली है कि नोएडा जैसी जगह में इस तरह के अपराधी सक्रिय हैं जो बच्चों को किडनैप करने के लिए घूम रहे हैं। ये वारदात मीडिया में कार्यरत मनोहर सिंह के परिवार के साथ हुई है। वो अपने परिवार के साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कृष्णा सिटी टू में रहते हैं। मनोहर किसी कार्य से बाहर गए हुए हैं। उनकी 10 साल की बेटी वर्तिका कक्षा पांच में एनपीएस स्कूल में पढ़ती है। मां बच्ची को स्कूल छोड़ने और लेने जाती हैं लेकिन जिस दिन वो लेट हो गईं उसी दिन बेटी के साथ वारदात की कोशिश की गई। स्कूल की पढ़ाई पूरी होने के बाद बच्ची अकेले ही घर के लिए चल दी।

मुंह पर कपड़ा बांधे एक शख्स ने उसे रोका और बोला कि उसके पापा ने भेजा है और वो उसे लेने आया है। बच्ची को माता पिता ने समझा रखा था कि किसी अनजान व्यक्ति से बात नहीं करनी है और न ही उसके साथ जाना है। बार बार जोर देने पर भी जब बच्ची तैयार नहीं हुई तो उसने एक मोबाइल नंबर मिलाया और कहा कि पापा से बात कर लो। बेटी को पिता का नंबर पता था और जबर्दस्ती बात कराने पर भी जब बच्ची ने कहा है ये उनके पिता नहीं हैं तो उसने दूसरा नंबर मिलाकर फिर कोशिश की लेकिन बच्ची समझ चुकी थी कि ये कोई गलत आदमी है और उसने दौड़ लगा दी। भाग कर वो घर पहुंच गई। आसपास कहीं किसी को शक न हो जाए, इसीलिए उस बदमाश ने बच्ची को छोड़ दिया और लापता हो गया। पुलिस में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अब पुलिस के सामने चुनौती है कि कोई गंभीर वारदात होने के पहले इस पर शिकंजा कस जाए। पूरी आशंका है कि ये अकेला बदमाश नहीं था, इसके साथ और भी लोग हो सकते हैं।
